June 11, 2026

सोनीपत: ईमेल शिकायतों का समाधान मिलने पर लोगों ने उपायुक्त का आभार जताया

Sonipat People expressed gratitude to the Deputy Commissioner after their email complaints were resolved.

सोनीपत: उपायुक्त से मिलकर आभार व्यक्त करते हुए अंकित और राहुल।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिला प्रशासन द्वारा जन शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए किए जा रहे प्रयासों से लोगों का प्रशासन पर विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उपायुक्त नेहा सिंह ने ईमेल आईडी पर प्राप्त शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए, जिससे कई नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान हुआ।

सिद्धार्थ कॉलोनी निवासी अंकित ने ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजकर बताया था कि उनके क्षेत्र में नई गली का निर्माण हो चुका है, लेकिन पुरानी गली का कंक्रीट अभी तक मौके पर पड़ा हुआ है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी। साथ ही नई गली में बने सीवरेज मैनहोल सड़क की सतह से ऊपर होने के कारण दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी तथा वाहनों को नुकसान पहुंचने का खतरा था।

शिकायत मिलते ही उपायुक्त ने मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्या का समाधान करा दिया। इसी प्रकार कल्याण नगर निवासी राहुल ने शिकायत भेजकर बताया कि उन्हें महाविद्यालय में दाखिला लेना है, लेकिन परिवार पहचान पत्र में जाति सत्यापित न होने के कारण उनका अन्य पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र नहीं बन पा रहा था। शिकायत प्राप्त होने पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बुलाकर मामले का तुरंत समाधान कराया। इसके अलावा गांव प्रहलादपुर किडौली निवासी रोहिणी ने गांव में ड्रेन की सफाई न होने की शिकायत की थी। उपायुक्त ने इस मामले को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

समस्याओं के समाधान के बाद गुरुवार को अंकित और राहुल उपायुक्त कार्यालय पहुंचे तथा उपायुक्त नेहा सिंह से मिलकर उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई से आम लोगों को बड़ी राहत मिल रही है। उपायुक्त नेहा सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निपटारा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं, ताकि लोगों को समय पर राहत मिल सके।

About The Author