September 14, 2026

सोनीपत क्राइम: विवाहिता ने कमरे में फंदा लगाया, पति समेत चार पर मामला दर्ज

Sonipat Married woman hangs herself in room; case registered against four, including husband.

सोनीपत:मृतका प्रियंका का फाइल फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के गांव बुटाना में 30 वर्षीय विवाहिता ने रविवार को घर के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजे के ऊपर बने जाल से अंदर देखा तो विवाहिता पंखे की हूक पर रस्सी और चुन्नी से बने फंदे पर लटकी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।

मृतका की पहचान गांव बुटाना निवासी प्रियंका के रूप में हुई है। उसकी शादी करीब चार महीने पहले 14 मई को गांव बुटाना निवासी नीरज से हुई थी। नीरज प्लंबर का काम करता है। मृतका के भाई गांव बिधलान निवासी नरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को ससुराल में परेशान किया जा रहा था। आरोप है कि नीरज के अपनी भाभी से संबंध थे। प्रियंका ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। भाई का आरोप है कि पति के अलावा उसकी भाभी, मामा और मामी भी प्रियंका को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। नरेंद्र की शिकायत पर बरोदा थाना पुलिस ने पति नीरज समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

About The Author