June 12, 2026

मंत्री कृष्ण लाल पंवार: मोदी नेतृत्व में विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को नई पहचान मिली

Sonipat Development, security, and cultural pride have gained a new identity under Modi's leadership Minister Krishan Lal Panwar

सोनीपत: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार बात करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान के तहत भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में मीडिया संवाद कार्यक्रम शुक्रवार को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के साथ कहा कि मोदी नेतृत्व में विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को नई पहचान मिली है।

कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभालते समय आर्थिक विकास, राष्ट्रीय सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव को मजबूत करने का संकल्प लिया था। पिछले 12 वर्षों में इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में भारत विश्व की अर्थव्यवस्थाओं में 11वें स्थान पर था, जबकि आज देश चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और तीसरे स्थान की ओर बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण देश की सांस्कृतिक चेतना और आस्था का प्रतीक है। सदियों पुरानी करोड़ों लोगों की भावना को सम्मान देते हुए यह सपना साकार हुआ है, जिससे अयोध्या विश्वभर के श्रद्धालुओं का प्रमुख केंद्र बनी है। पंचायत मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाना स्वतंत्र भारत के इतिहास का एक महत्वपूर्ण निर्णय रहा है। इससे राष्ट्रीय एकीकरण को मजबूती मिली और पूरे देश में एक संविधान तथा एक विधान की भावना सशक्त हुई। राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय में उन्होंने कहा कि पहले भारत रक्षा आवश्यकताओं के लिए विदेशों पर निर्भर था, लेकिन अब आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान के तहत देश रक्षा उपकरणों तथा सैन्य तकनीक के निर्माण में लगातार आगे बढ़ रहा है। भारतीय रक्षा उत्पादों का निर्यात भी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान और डिजिटल इंडिया जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। कार्यक्रम में विधायक पवन खरखौदा, प्रदीप सांगवान, बिजेंद्र मलिक, अशोक भारद्वाज सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

About The Author