July 19, 2026

सोनीपत: मुख्यमंत्री के स्वच्छता से स्वागत अभियान को जनसहभागिता से स्वच्छता का आह्वान

सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम के मेयर राजीव जैन के नेतृत्व में शहर में चल रहे स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को विभिन्न स्थानों पर सफाई और पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाना है।

अभियान के अंतर्गत स्वच्छता प्रहरी टीम ने लगातार तीसरे सप्ताह श्रमदान करते हुए महलाना रोड से हैबिटेट क्लब रोड तक विशेष सफाई अभियान चलाया। टीम के सदस्यों ने स्वयं सफाई कर लोगों को अपने घर, गली और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संदेश दिया।

इसके बाद मुख्यमंत्री के “स्वच्छता से स्वागत” अभियान के तहत सुभाष चौक स्थित कैप्टन विक्रम बत्रा पार्क में स्वच्छ भारत मिशन के उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र की मौजूदगी में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान पार्क में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। मेयर राजीव जैन ने उन्हें सोनीपत में संचालित “स्वच्छता प्रहरी मिशन” की जानकारी देते हुए बताया कि इस पहल से सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों और जागरूक नागरिकों को जोड़कर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया जा रहा है।

मेयर ने कहा कि पिछले लगभग एक माह से सफाई टेंडर प्रक्रिया प्रभावित होने के कारण नगर निगम को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। इसके बावजूद यदि प्रत्येक नागरिक थोड़ी जिम्मेदारी निभाए और अपने आसपास सफाई बनाए रखे, तो शहर को स्वच्छ रखना कठिन नहीं है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ सोनीपत का निर्माण संभव है।

इस अवसर पर नगर निगम अधिकारियों, स्वच्छता प्रहरी टीम के सदस्यों, वार्ड-20 के पार्षद राजकुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author