रोटरी क्लबों का हरित संकल्प: सामूहिक वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सोनीपत, अजीत कुमार। पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने के उद्देश्य से रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3012 के अंतर्गत आने वाले सोनीपत और गन्नौर के सभी रोटरी क्लबों ने शनिवार को वनप्रस्था, मुरथल रोड स्थित रोटरी पार्क में सामूहिक वृक्षारोपण अभियान चलाया। “आज एक पौधा, आने वाले कल की सबसे बड़ी पूंजी है” के संदेश के साथ आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में रोटरी सदस्यों ने भाग लेकर हरियाली बढ़ाने और प्रकृति संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन अमित गुप्ता ने रोटरी पार्क का उद्घाटन किया और पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर सहायक गवर्नर रविंद्र भारद्वाज और रिम्पी कुच्छल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अभियान में रोटरी क्लब सोनीपत, सोनीपत मिडटाउन, सोनीपत अर्डेंट, सोनीपत सिटी, सोनीपत एक्सीलेंस, सोनीपत एजुकेशन सिटी, सोनीपत अपटाउन, कुंडली, गन्नौर, गन्नौर सेंट्रल, गन्नौर रॉयल तथा राइजिंग स्टार के सदस्यों ने मिलकर पौधारोपण किया और उनकी नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
वक्ताओं ने कहा कि पेड़ केवल ऑक्सीजन का स्रोत नहीं, बल्कि स्वच्छ पर्यावरण, बेहतर स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं। उन्होंने समाज से प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का आह्वान किया। रोटरी परिवार ने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें जीवित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर विपुल कुच्छल, संदीप जेटली, संजय सिंगला, राकेश कालड़ा, प्रमोद भुटानी, आशीष जैन, दक्ष गुप्ता, सुनील मंचंदा, टी. एन. तिवारी, प्रवीण गुप्ता, विकास मंगला, दीपक गुप्ता, वासु मोदी, नितिन जैन, रोहित त्यागी, सतपाल जैन सहित अनेक रोटरी सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
