July 14, 2026

सोनीपत: उत्कृष्ट कार्य पर बीएलओ राजवंती सम्मानित, समय से पहले पूरा लक्ष्य

Sonipat BLO Rajvanti honored for outstanding work; target achieved ahead of schedule.

सोनीपत: बीएलओ राजवंती को सम्मानित करते हुए उपायुक्त नेहा सिंह।

सोनीपत, अजीत कुमार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान के तहत एन्यूमरेशन फॉर्म के संग्रह और डिजिटाइजेशन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर राई विधानसभा क्षेत्र के गांव मलिकपुर के बूथ नंबर-एक की बीएलओ राजवंती को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त नेहा सिंह ने प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।

उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि राजवंती आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं, पूरी लगन, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने बूथ पर शत-प्रतिशत एन्यूमरेशन फॉर्म का संग्रह और डिजिटाइजेशन निर्धारित समय से पहले पूरा किया। उन्होंने कहा कि उनका कार्य अन्य बीएलओ के लिए प्रेरणादायक है। निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में समयबद्ध और समर्पित तरीके से काम करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाता है।

उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता का सही और अद्यतन विवरण सुनिश्चित कर मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए सभी बीएलओ, सुपरवाइजर और निर्वाचन अधिकारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को आगे भी सम्मानित कर प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि अन्य कर्मचारी भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।

सम्मान समारोह के दौरान राई विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं डीडीपीओ मनीष मलिक, भाजपा के बीएलए-एक माईराम कौशिक, निर्वाचन तहसीलदार दिनेश कुमार, कानूनगो पूजा तथा अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author