सोनीपत: कार्यभार संभालते ही एक्शन मोड में मेयर राजीव जैन, रोज होगी जनसुनवाई
सोनीपत: जनसुनवाई करते मेयर राजीव जैन।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर राजीव जैन ने शपथ ग्रहण समारोह के बाद नगर निगम कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करते ही उन्होंने आमजन की समस्याएं सुननी शुरू कर दीं और संबंधित अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए।
नगर निगम कार्यालय में बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं मेयर के समक्ष रखीं। मेयर राजीव जैन ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर मेयर राजीव जैन ने कहा कि पिछले कार्यकाल की तरह इस बार भी जनता की समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे नगर निगम कार्यालय में नियमित जनसुनवाई आयोजित की जाएगी, ताकि लोगों की समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके।
मेयर ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य सोनीपत शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना है। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान नगर निगम अधिकारियों, पार्षदों, भाजपा कार्यकर्ताओं और शहर के गणमान्य लोगों ने मेयर राजीव जैन को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पार्षद मुनिराम ठोलेदार, सुनीता ब्रह्मप्रकाश राठी और किरण राजेंद्र चांदना सहित कई लोग मौजूद रहे।
