सोनीपत: मेयर चुनाव हलफनामे से उम्मीदवारों की आर्थिक तस्वीर साफ
सोनीपत: मेयर उम्मीदवार राजीव जैन व कमल दीवान।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत नगर निगम मेयर चुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन ने शुक्रवार को नामांकन के साथ दाखिल हलफनामे में अपनी आय, संपत्ति और देनदारियों का पूरा विवरण दिया। चुनावी पारदर्शिता के तहत दी गई जानकारी में बताया गया कि उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है।
हलफनामे के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 में राजीव जैन की कुल आय सात लाख 35 हजार 320 रुपये रही, जबकि उनकी पत्नी की आय 17 लाख 53 हजार 20 रुपये दर्ज की गई। परिवार के एक अन्य सदस्य की आय छह लाख 64 हजार 370 रुपये बताई गई है।
राजीव जैन के पास लगभग एक लाख 97 हजार रुपये नकद और उनकी पत्नी के पास करीब एक लाख 58 हजार रुपये नकद हैं। विभिन्न वित्तीय साधनों में उनका निवेश करीब 52 लाख 78 हजार रुपये और पत्नी के नाम पर करीब 39 लाख रुपये से अधिक है। लॉर्ड बाहुबली बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड में भी निवेश दिखाया गया है। उनके पास लगभग तीन लाख रुपये कीमत का वाहन, 50 ग्राम सोना और चार किलो चांदी है। परिवार के पास दो लाइसेंसी हथियार भी दर्ज हैं। पिछले उपचुनाव की तुलना में इस बार सोना कम और चांदी में एक किलो की बढ़ोतरी हुई है। उपचुनाव में नकद राशि अधिक थी, जबकि इस बार पत्नी के पास नकद घटा है।
परिवार के पास सोनीपत के सेक्टर 15 समेत कई क्षेत्रों में आवासीय संपत्तियां हैं, जिनकी कीमत करोड़ों में आंकी गई है। पत्नी के नाम पर बैंक लोन दर्ज है, जिसमें सोनीपत अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक से करीब 73 लाख 45 हजार रुपये का हाउस लोन और पंजाब नेशनल बैंक से करीब 49 लाख सात हजार रुपये का एजुकेशन लोन शामिल है। कुल देनदारी एक करोड़ रुपये से अधिक है।
राजीव जैन ने अपना पेशा राजनीति बताया और वर्ष 1984 में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से बीकॉम की डिग्री हासिल करने की जानकारी दी।
दूसरी ओर कांग्रेस उम्मीदवार कमल दीवान की कुल संपत्ति करीब नौ करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है, जबकि उन पर छह करोड़ 62 लाख से आठ करोड़ सत्ताइस लाख रुपये तक की देनदारी दर्ज है। उनके नौ बैंक खातों में करीब दो करोड़ 73 लाख रुपये जमा हैं। उनके पास कई महंगी गाड़ियां, करीब 500 ग्राम सोना और परिवार के पास करीब तीन किलो चांदी है।
निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. कमलेश कुमार सैनी की चल संपत्ति करीब 39 लाख 87 हजार रुपये है। उनके पास 70 हजार रुपये नकद, बैंक में करीब एक लाख रुपये जमा और लगभग इक्कीस लाख रुपये का निवेश दर्ज है। उन पर करीब एक करोड़ रुपये का बैंक लोन है। तुलना में देखा जाए तो संपत्ति के मामले में कमल दीवान आगे हैं, जबकि कर्ज के मामले में राजीव जैन की स्थिति अपेक्षाकृत संतुलित मानी जा रही है। चुनाव अब आर्थिक ताकत और वित्तीय प्रबंधन दोनों की परीक्षा बन गया है।
