पीएम आवास से राहुल गांधी हिरासत में: बोले- छात्रों की लड़ाई आखिरी दम तक लड़ूंगा
पुलिस और पैरा मिलेट्री के जवान राहुल गांधी को हाथ-पैर पकड़कर उठाकर ले गए।
नई दिल्ली, अजीत कुमार। नीट मुद्दे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने प्रधानमंत्री आवास के निकट जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सहित कई विपक्षी नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास के पास धरना दिया। करीब तीन घंटे तक चले इस प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सभी प्रमुख नेताओं को हिरासत में लेकर वहां से हटाया।

दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे शुरू हुए धरने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री तथा केंद्रीय गृह मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई। शाम करीब साढ़े छह बजे भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी के चारों ओर घेरा बनाकर पुलिस को रोकने का प्रयास किया, जिसके चलते पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद पुलिस ने नेताओं को हिरासत में लेकर बसों के माध्यम से वहां से रवाना कर दिया।

धरना समाप्त कराने के प्रयास में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन भी मौके पर पहुंचे। दोनों ने राहुल गांधी से बातचीत की। डॉ. जितेंद्र सिंह ने बाद में कहा कि सरकार ने संसद में नीट मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग स्वीकार कर ली थी, लेकिन इसके बाद कांग्रेस ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की नई मांग जोड़ दी।
राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार जवाबदेह है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की आवाज दबाई जा रही है और पेपर लीक जैसे गंभीर मामलों पर सरकार ठोस जवाब देने से बच रही है। उन्होंने देशभर के लोगों से छात्रों के समर्थन में आवाज उठाने की अपील भी की।
कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह गोपनीय रणनीति के तहत आयोजित किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सरकारी आवास पर कई वरिष्ठ नेता पहले जन्मदिन की शुभकामनियां देने के बहाने एकत्र हुए। इसके बाद सभी नेता अचानक पैदल मार्च करते हुए प्रधानमंत्री आवास की ओर बढ़ गए। सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस को इसकी जानकारी तब मिली जब नेता प्रधानमंत्री आवास के निकट पहुंच चुके थे।

दिल्ली पुलिस के अनुसार प्रधानमंत्री आवास स्थित लोक कल्याण मार्ग उच्च सुरक्षा क्षेत्र है, जहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने और प्रदर्शन करने पर प्रतिबंध रहता है। इस क्षेत्र की सुरक्षा विशेष सुरक्षा समूह, दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों द्वारा की जाती है। इसी कारण पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कार्रवाई की।
उधर, संसद के दोनों सदनों में भी नीट पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया और तत्काल चर्चा की मांग उठाई। लगातार हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। विपक्ष ने कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए, जबकि सरकार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दोहराया।
