सोनीपत मेयर राजीव जैन: जाट जोशी में ही बने नया बस अड्डा
सोनीपत: मेयर राजीव जैन।
सोनीपत, अजीत कुमार। नगर निगम के मेयर राजीव जैन ने मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री अनिल विज को पत्र लिखकर प्रस्तावित नए बस अड्डे के स्थान में बदलाव के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने आग्रह किया है कि बस अड्डे का निर्माण केएमपी के निकट एचएसआईआईडीसी की भूमि पर करने के बजाय पूर्व निर्धारित गांव जाट जोशी की भूमि पर ही कराया जाए।
मेयर ने पत्र में कहा कि वर्ष 2017 में जीटी रोड स्थित गांव जाट जोशी की भूमि का चयन इस उद्देश्य से किया गया था कि शहरवासियों को लंबी दूरी की बसों की बेहतर सुविधा मिल सके और शहर के भीतर बढ़ते यातायात जाम से भी राहत मिले। उनका कहना है कि यदि बस अड्डा केएमपी के पास बनाया गया तो इसका सीधा लाभ शहरवासियों को नहीं मिल पाएगा।
राजीव जैन ने बताया कि नए बस अड्डे की योजना पिछले लगभग 20 वर्षों से विभिन्न कारणों के चलते लंबित है। इस दौरान दो बार स्थान परिवर्तन किया गया और एक बार बस पोर्ट परियोजना के कारण निर्माण कार्य रुक गया। उन्होंने कहा कि जाट जोशी में बस अड्डे के निर्माण की सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं तथा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन भी तैयार है। केवल निविदा जारी होना शेष है, इसलिए अब दोबारा स्थान बदलने की प्रक्रिया उचित नहीं है।
उन्होंने बताया कि एक माह पहले सरकार की ओर से स्थान परिवर्तन संबंधी पत्र जारी किया गया था। इसके बाद जिला उपायुक्त ने उप मंडल अधिकारी (नागरिक) की अध्यक्षता में सड़क परिवहन विभाग और एचएसआईआईडीसी के अधिकारियों की समिति गठित कर नए स्थान का परीक्षण शुरू कराया है। मेयर ने सरकार से जनहित को प्राथमिकता देते हुए पुराने निर्णय को ही लागू करने का आग्रह किया है।
