विधायक देवेंद्र कादियान: गन्नौर के वार्ड-7 को मिली बड़ी सौगात, 75 लाख से बनेगा आधुनिक सामुदायिक केंद्र
गन्नौर: आधुनिक सामुदायिक केंद्र की नींव रखते विधायक देेवेंद्र कादियान।
गन्नौर, अजीत कुमार। गन्नौर नगरपालिका के वार्ड-7 में 75 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक सामुदायिक केंद्र का सोमवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। लगभग 750 वर्गगज भूमि पर बनने वाला यह केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों ने विधायक का फूलमालाओं से स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा कि बढ़ती आबादी के साथ बेहतर सामुदायिक सुविधाओं की आवश्यकता भी लगातार बढ़ रही है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित सामुदायिक केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। इसके बनने से लोगों को विवाह समारोह, सामाजिक बैठकें, धार्मिक कार्यक्रम और अन्य आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सड़कों, सार्वजनिक भवनों और अन्य विकास परियोजनाओं के साथ-साथ जनसुविधाओं का विस्तार भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। आने वाले समय में भी विकास कार्यों की रफ्तार इसी तरह जारी रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए वार्ड और शहर की विभिन्न समस्याओं से भी अवगत कराया। विधायक ने सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर अमित त्यागी, पार्षद दिनेश अदलखा, पार्षद अजय सरोहा, नेत्रपाल, अंकित मल्होत्रा, हरीश नंबरदार, यशपाल त्यागी, सुनील पटवारी, नंदकिशोर, शिवराज त्यागी, हरीश त्यागी, सुरेश त्यागी, उमेश त्यागी, डॉ. जयबीर, अशोक त्यागी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
