April 14, 2026

सोनीपत: ईरान में फंसा मर्चेंट नेवी का निखिल 20 दिन बाद घर लौटा

Merchant Navy officer Nikhil, stranded in Iran, returns home after 20 days

सोनीपत: दादा लालमन त्यागी व अपने परिवार के लोगों के साथ निखिल त्यागी।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर क्षेत्र के गांव शाहपुर तगा गांव के रहने वाले 23 वर्षीय निखिल, वह मर्चेंट नेवी में कार्यरत है, करीब 20 दिन बाद सकुशल घर लौट आया। उसकी वापसी से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।

निखिल ओमान के लिए जहाज से रवाना हुआ था, लेकिन हालात बिगड़ने के कारण वह ईरान में ही फंस गया था। इस दौरान संपर्क टूट जाने से परिवार काफी चिंतित था। किसी तरह भारतीय दूतावास के सहयोग से वह सुरक्षित वापस लौट सका। घर पहुंचते ही परिवार के सदस्यों ने खुशी मनाई और राहत की सांस ली। घर पहुंचने के बाद निखिल ने बताया कि जहाज में फंसने के कारण कई बार सूखे राशन व कम पानी में ही काम चलाना पड़ा। एक बार उनके जहाज से करीब 20 मीटर की दूरी पर बम गिरने से जहाज के शीशे तक टूट गए थे। इसी दौरान जहाज बदलने पर उनकी मुलाकात हरिद्वार के एक भारतीय से हुई, जिसने उन्हें भारतीय दूतावास का संपर्क नंबर दिया। इसके बाद निखिल ने दूतावास से संपर्क किया, जहां से उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

करीब तीन-चार दिन तक दूतावास की निगरानी में होटल में ठहराया गया, जहां उनकी वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी हुई। वेरिफिकेशन के बाद उन्हें अर्जेंटीना भेजा गया, जहां वह करीब दो दिन रहे और अब वह सुरक्षित घर लौट आए हैं। निखिल के दादा पूर्व चेयरमैन लालमन त्यागी ने बताया कि उसके लौटने से पूरा परिवार बेहद खुश है। उन्होंने मदद करने वाले लोगों और भारतीय दूतावास का आभार जताया। गांव के लोगों ने भी निखिल की सुरक्षित वापसी पर खुशी जाहिर की।

About The Author