सोनीपत में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद का आगमन: गौ रक्षा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
सोनीपत, अजीत कुमार। वैसाखी के अवसर पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का सोनीपत में भव्य आगमन हुआ। उनके स्वागत के लिए हजारों श्रद्धालु, गौसेवक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से बड़ी संख्या में लोग इस आयोजन में शामिल हुए। कार्यक्रम में गौशालाओं के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और खेल जगत से जुड़े लोग भी मौजूद रहे।
इस दौरान जितेंद्र मलिक और उनके परिवार द्वारा पारंपरिक विधि से पादुका पूजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संत गोपालदास महाराज ने किया।
अपने संबोधन में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौ रक्षा को राष्ट्र, धर्म और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताया। उन्होंने कहा कि गौ हत्या एक गंभीर अपराध है और इसे रोकने के लिए जन-जन तक जागरूकता फैलानी होगी। उन्होंने गौ हत्या मुक्त भारत के लिए जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
उन्होंने देश में गौवंश की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि कई स्थानों पर गौमाता बेसहारा घूम रही है। सरकारों से गौ संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात भी कही।
स्वामी जी ने कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित गौ महा रैली, गौचर भूमि संरक्षण और न्यायालय के निर्देशों के पालन पर जोर दिया। उन्होंने समाज से धर्म और अधर्म के बीच स्पष्ट निर्णय लेकर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में “गौरक्षक वीर सम्मान” के तहत गौ सेवा में योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। अंत में गौ रक्षा और राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया गया।
