सीजेपी के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया से मॉल में धक्का-मुक्की: वायरल वीडियो पर दी सफाई
सीजेपी के पूर्व प्रवक्ता विजेता दहिया से मॉल में धक्का-मुक्की।
सोनीपत, अजीत कुमार। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के पूर्व प्रवक्ता एवं सोनीपत निवासी विजेता दहिया के साथ दिल्ली के एक मॉल में कथित धक्का-मुक्की और मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। बताया जा रहा है कि यह घटना 20 जुलाई को संसद मार्च और छात्र आंदोलन के दौरान हुए घटनाक्रम के बाद की है। वीडियो में दो युवक विजेता दहिया से उनके आंदोलन में मौजूद न होने और संत प्रेमानंद महाराज को लेकर की गई टिप्पणी पर सवाल करते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में युवक विजेता दहिया से पूछते हैं कि जब छात्र आंदोलन के दौरान सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे, तब वह मॉल में क्या कर रहे थे। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होती है और धक्का-मुक्की भी दिखाई देती है। वीडियो में एक युवक यह भी आरोप लगाता है कि छात्रों ने उनके आह्वान पर आंदोलन किया, जबकि वह स्वयं वहां मौजूद नहीं थे।
विजेता दहिया ने इस पूरे घटनाक्रम पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि वह लगातार 48 घंटे तक आंदोलन स्थल पर मौजूद रहे और आंदोलन के समर्थन में बिना किसी व्यक्तिगत लाभ के काम किया। उन्होंने दावा किया कि घटना के समय वह केवल शौचालय का उपयोग करने के लिए मॉल में रुके थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने पहले बातचीत की और बाद में कथित रूप से गाली-गलौज तथा धक्का-मुक्की शुरू कर दी।
उन्होंने यह भी कहा कि संत प्रेमानंद महाराज को लेकर उन्होंने केवल अपनी व्यक्तिगत राय व्यक्त की थी और किसी का अपमान करने का उद्देश्य नहीं था। उनका कहना है कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार है।
हाल ही में बर्गर खाते हुए वायरल हुए वीडियो के बाद सीजेपी ने विजेता दहिया को प्रवक्ता पद से हटा दिया था। इस पर उन्होंने कहा कि वह आज भी पार्टी के सदस्य और आंदोलन के समर्थक हैं। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान उन्होंने अपना समय, श्रम और आर्थिक संसाधन स्वयं लगाए तथा किसी प्रकार का आर्थिक लाभ नहीं लिया।
विजेता दहिया ने कहा कि मारपीट की घटना को लेकर फिलहाल उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। मामले को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक जांच या कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
