छात्रों के समर्थन में उतरे हरियाणा के कलाकार: गानों की रिलीज रोकी; बोले- पहले युवाओं को न्याय मिले
ढांडा न्योलीवाला।
सोनीपत, अजीत कुमार। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के समर्थन में अब हरियाणा के चर्चित कलाकार भी खुलकर सामने आ गए हैं। हरियाणवी रैपर एमसी स्क्वायर, गायक ढांडा न्योलिवाला, गुलजार छानीवाला और देव कुमार देवा ने सोशल मीडिया के माध्यम से छात्रों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया है। कलाकारों ने कहा कि युवाओं की आवाज को गंभीरता से सुना जाना चाहिए और पेपर लीक जैसे मामलों में जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
हरियाणवी गायक ढांडा न्योलिवाला ने अपने सभी आगामी गीतों की रिलीज अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की घोषणा की। उन्होंने सामाजिक माध्यम पर लिखा कि जब उनकी ही उम्र के छात्र अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हों, तब वह अपने नए गीतों का प्रचार कर खुशी नहीं मना सकते। उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों के लिए हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक कोई नया गीत जारी नहीं किया जाएगा।
ढांडा न्योलिवाला ने अपनी प्रोफाइल तस्वीर भी बदलते हुए युवाओं के समर्थन का संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों के साथ जो कुछ हो रहा है, वह बेहद पीड़ादायक है और ऐसे समय में मनोरंजन से अधिक जरूरी युवाओं के साथ खड़ा होना है।
उधर, हरियाणवी गायक गुलजार छानीवाला ने एक वीडियो संदेश जारी कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने हर कठिन समय में सरकार का साथ दिया है और अब सरकार को भी छात्रों की बात सुननी चाहिए। उन्होंने आग्रह किया कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से निकाला जाए।
मंगलवार रात गुलजार छानीवाला जंतर-मंतर स्थित धरनास्थल भी पहुंचे। मंच से उन्होंने कहा कि छात्रों का उत्साह और एकजुटता देखकर वह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह किसी दल का नहीं, बल्कि इंसानियत और युवाओं के भविष्य का मुद्दा है।
हरियाणवी कलाकार देव कुमार देवा ने भी वीडियो संदेश जारी कर छात्रों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं का सबसे अधिक नुकसान मेहनती और आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को उठाना पड़ता है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि छात्रों की बात सुनकर उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
वहीं, रैपर एमसी स्क्वायर ने भी छात्रों के समर्थन में वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। उनके अनुसार पेपर लीक की घटनाओं ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने भी अपने आगामी गीतों की रिलीज फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की।
कलाकारों के इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर छात्रों के समर्थन को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। बड़ी संख्या में लोग इन कलाकारों की प्रतिक्रियाओं पर अपनी-अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं। छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़े घटनाक्रम पर देशभर की निगाहें बनी हुई हैं।
