October 27, 2026

राजकीय स्कूल में शिक्षकों का विवाद, महिला प्राचार्या से अभद्रता

Dispute between teachers in government school, indecency with female principal

प्रतीकात्मक तस्वीर।

सोनीपत। सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र स्थित एक राजकीय स्कूल में शिक्षकों के बीच सरेआम विवाद और गाली-गलौज हो गई। स्कूल की महिला प्रधानाचार्या ने गणित शिक्षक पर पीछा करने, अशोभनीय हरकतें करने, सार्वजनिक रूप से अपशब्द कहने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महिला प्रधानाचार्या के अनुसार 19 दिसंबर को वह अपने कार्यालय में प्रशासनिक कार्य कर रही थीं। इसी दौरान स्कूल में कार्यरत गणित शिक्षक तीसरी घंटी के समय अपनी कक्षा छोड़कर अचानक कार्यालय में आ गया। किसी विषय को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद प्रधानाचार्या डर के कारण कार्यालय से बाहर निकल गईं। आरोप है कि इसके बाद शिक्षक ने उनका पीछा किया और स्कूल परिसर में ऊंची आवाज में अपमानजनक व अश्लील टिप्पणियां कीं। महिला प्रधानाचार्या का कहना है कि शिक्षक ने अपने निजी अंग की ओर इशारा कर उन्हें धमकी भी दी।

पीड़िता के अनुसार यह शिक्षक पहले भी उनके साथ दुर्व्यवहार कर चुका है, जिससे पूरा स्कूल स्टाफ मानसिक दबाव में है। महिला प्रधानाचार्या ने बताया कि आरोपी शिक्षक उन्हें स्कूल में स्वतंत्र रूप से कार्य नहीं करने देता और खुलेआम चुनौती देता है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले रोहतक के शिवाजी कॉलोनी थाना क्षेत्र में महिला से दुर्व्यवहार का एक मामला दर्ज है, जिसमें कार्रवाई चल रही है।

घटना के बाद महिला प्रधानाचार्या ने पूरे मामले की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दी और स्कूल स्टाफ से चर्चा की। इसके पश्चात उन्होंने थाना खरखौदा में लिखित शिकायत सौंपी। पुलिस ने शिकायत की जांच के बाद आरोपी गणित शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।

About The Author