July 23, 2026

आठवें वेतन आयोग से केंद्रीय कर्मचारियों को बड़ी राहत की उम्मीद: , 18% तक बढ़ सकती है सैलरी

Central government employees expect major relief from the 8th Pay Commission; salaries could rise by up to 18%.

नई दिल्ली। आठवें वेतन आयोग को लेकर केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि नए वेतन आयोग के लागू होने के बाद कर्मचारियों के वेतन में कितनी बढ़ोतरी होगी। अब तक 2.08, 2.28 और 2.57 फिटमेंट फैक्टर की चर्चा होती रही है, लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि मौजूदा आर्थिक परिस्थितियों और महंगाई को देखते हुए 1.90 से 1.92 के बीच फिटमेंट फैक्टर तय किया जा सकता है।

यदि 1.92 फिटमेंट फैक्टर लागू होता है तो केंद्रीय कर्मचारियों की सकल आय में औसतन लगभग 18 प्रतिशत तक वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। इससे कर्मचारियों के मूल वेतन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी और महंगाई के दौर में उन्हें आर्थिक राहत मिल सकती है।

उदाहरण के तौर पर, यदि किसी कर्मचारी का वर्तमान मूल वेतन 18,000 रुपये है तो 1.92 फिटमेंट फैक्टर लागू होने के बाद यह बढ़कर लगभग 34,560 रुपये हो सकता है। इसी प्रकार 25,500 रुपये का मूल वेतन लगभग 48,960 रुपये, 35,400 रुपये का वेतन लगभग 67,968 रुपये, 44,900 रुपये का वेतन लगभग 86,208 रुपये और 56,100 रुपये का मूल वेतन बढ़कर करीब 1,07,712 रुपये तक पहुंच सकता है।

विशेषज्ञों के अनुसार, एक जनवरी 2026 से महंगाई भत्ता लगभग 60 प्रतिशत के स्तर पर पहुंच चुका है। इसी को ध्यान में रखते हुए नए वेतन आयोग की सिफारिशों में संतुलित बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। जानकारों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में 2.57 फिटमेंट फैक्टर की संभावना कम दिखाई देती है, जबकि 1.90 से 1.92 का आंकड़ा अधिक व्यावहारिक माना जा रहा है।

यदि पिछले वेतन आयोगों का रिकॉर्ड देखा जाए तो दूसरे से सातवें वेतन आयोग तक औसतन लगभग 27 प्रतिशत वेतन वृद्धि की सिफारिश की गई थी। वहीं सातवें वेतन आयोग ने 14.27 प्रतिशत वेतन वृद्धि का सुझाव दिया था। हालांकि अंतिम निर्णय केंद्र सरकार और आठवें वेतन आयोग की आधिकारिक सिफारिशों के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों को आयोग की घोषणा और अंतिम फिटमेंट फैक्टर का इंतजार है।

About The Author