October 14, 2026

हरियाणा हित मे चंडीगढ़ मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाएं: हुड्डा

Call a special session on Chandigarh issue in the interest of Haryana: Hooda

सोनीपत: नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सासंद सतपाल ब्रह्मचारी पत्रकारों से बात करते हुए।

  • वोट चोरी रैली पर कांग्रेस की तैयारी के लिए हुड्‌डा ने ली बैठक

सोनीपत। कांग्रेस द्वारा वोट चोरी के विरोध में 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली की तैयारियों को लेकर सोनीपत में पार्टी की शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और जींद जिलों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने शिरकत की। बैठक में सभी जिम्मेदारियों का विभाजन तय किया गया।

प्रदेश प्रभारी बीके हरीप्रसाद, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र, पार्टी सहप्रभारी जीतेन्द्र बघेल, सांसद दीपेन्द्र हुड्डा, सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी सहित पांचों जिलों के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, ग्रामीण व शहरी पदाधिकारी तथा संगठन प्रतिनिधि बैठक में मौजूद रहे।

पत्रकारों से बातचीत में भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि दिल्ली रैली को लेकर तैयारियां तेज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने वोटों में धांधली कर सरकार बनाई है। उनके अनुसार राहुल गांधी द्वारा इस संबंध में प्रमाण भी प्रस्तुत किए गए हैं। हुड्डा ने कहा कि मतदान के बाद लगातार तीन दिनों तक वोट प्रतिशत बढ़ता रहा, जबकि चुनाव आयोग ने इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। उन्होंने चंडीगढ़ और एसवाईएल जैसे मुद्दों पर भी प्रदेश सरकार को घेरा। हुड्डा ने कहा कि इन मामलों पर हरियाणा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है और राज्य के हित प्रभावित हो रहे हैं। उनके अनुसार नए विधानसभा भवन के लिए जमीन उपलब्ध कराने से लेकर एसवाईएल के पानी तक, सरकार कोई ठोस परिणाम नहीं दे पाई है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को लेकर भाजपा की नीति अस्पष्ट है, जबकि उच्चतम न्यायालय के स्पष्ट आदेशों के बावजूद हरियाणा को उसके अधिकार का पानी नहीं मिला।

हुड्डा का कहना था कि केंद्र सरकार भी इस विषय पर स्पष्ट स्थिति नहीं रख पा रही कि चंडीगढ़ दो राज्यों की साझा राजधानी बनी रहेगी या केंद्र शासित प्रदेश के रूप में ही रहेगा। उन्होंने इन सभी मुद्दों पर राज्य की विधानसभा में विस्तृत चर्चा की आवश्यकता जताई।

About The Author