सोनीपत: भारतनेट से गांवों में डिजिटल क्रांति, बीएसएनएल ने 259 रुपये में शुरू की हाई-स्पीड फाइबर सेवा
इसरार अहमद।
सोनीपत, अजीत कुमार। ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने और हर नागरिक तक तेज एवं विश्वसनीय इंटरनेट सुविधा पहुंचाने के उद्देश्य से भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) द्वारा भारत सरकार की महत्वाकांक्षी भारतनेट परियोजना के तहत सोनीपत परिचालन क्षेत्र में ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसके साथ ही भारतनेट उद्यमी योजना के माध्यम से ग्रामीण युवाओं और स्थानीय उद्यमियों के लिए स्वरोजगार एवं आय सृजन के नए अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक इसरार अहमद ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच डिजिटल दूरी को समाप्त करना तथा गांव-गांव तक उच्च गुणवत्ता वाली ब्रॉडबैंड सेवाएं पहुंचाना है। इसके तहत ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सरकारी कार्यालयों और किसान उत्पादक संगठनों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ा जा रहा है।
ग्रामीण उपभोक्ताओं को सस्ती इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएसएनएल ने हाल ही में 259 रुपये का नया फाइबर टू द होम (एफटीटीएच) प्लान शुरू किया है। इस योजना के अंतर्गत 25 एमबीपीएस की हाई-स्पीड ब्रॉडबैंड सेवा प्रदान की जा रही है। यह प्लान विशेष रूप से ऑनलाइन शिक्षा, घर से कार्य करने वाले लोगों और दैनिक इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
भारतनेट नेटवर्क के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों जैसी तेज और निर्बाध इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षा, किसानों को कृषि संबंधी डिजिटल जानकारी, युवाओं को कौशल विकास, मरीजों को टेलीमेडिसिन सेवाएं तथा आम नागरिकों को ई-गवर्नेंस और डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
महाप्रबंधक इसरार अहमद ने कहा कि भारतनेट परियोजना केवल इंटरनेट कनेक्टिविटी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। भारतनेट उद्यमी योजना के तहत स्थानीय युवाओं, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को ब्रॉडबैंड सेवाएं उपलब्ध कराने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे उन्हें स्थायी स्वरोजगार प्राप्त हो सके।
बीएसएनएल द्वारा जिले भर में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार और संस्थान इस योजना का लाभ उठा सकें। इच्छुक व्यक्ति एफटीटीएच कनेक्शन या भारतनेट उद्यमी योजना की जानकारी के लिए अपने निकटतम बीएसएनएल ग्राहक सेवा केंद्र अथवा बीएसएनएल कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
