October 17, 2026

दातौली में विकास को गति पीएचसी का आश्वासन

Assurance of PHC to speed up development in Datauli

सोनीपत: दातौली में विधायक देवेंद्र कादियान का स्वागत करते हुए ग्रामीण

सोनीपत। गन्नौर क्षेत्र के दातौली गांव में लंबे समय से प्रतीक्षित विकास कार्यों को गति मिली है। गांव में जगदीश सैनी के घर से पार्क तक लगभग 1100 फीट लंबी फिरनी के निर्माण कार्य का शिलान्यास विधायक देवेंद्र कादियान ने शनिवार को किया। यह फिरनी करीब 17 वर्षों बाद बन रही है, जिस पर लगभग 18 लाख रुपये की लागत आएगी। शिलान्यास अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि लोकेश गोस्वामी सहित ग्रामीणों ने विधायक का स्वागत किया और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने गांव से जुड़ी समस्याएं और विकास संबंधी मांगें विधायक के समक्ष रखीं। सरपंच प्रतिनिधि लोकेश गोस्वामी ने बताया कि दातौली गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए विभाग के नाम जमीन पहले ही दर्ज करवाई जा चुकी है, लेकिन निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। इस पर विधायक देवेंद्र कादियान ने आश्वासन दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण शीघ्र शुरू कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्माण के लिए प्राक्कलन पुनरीक्षित कर भेजा जा चुका है और जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

विधायक कादियान ने कहा कि हर गांव में विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। सर्दी के मौसम में धुंध के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सड़कों पर सफेद पट्टी लगाने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

About The Author