June 24, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत में 30 हजार रुपये रिश्वत लेते क्लर्क को एसीबी ने दबोचा

ACB nabs clerk accepting ₹30,000 bribe in Sonipat.

सोनीपत: तहसील कार्यालय का फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला प्रशासनिक कार्यालय स्थित तहसीलदार कार्यालय की सेल्स शाखा में तैनात कस्टोडियन क्लर्क सचेत को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों मंगलवार को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार एसीबी को क्लर्क द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। शिकायतकर्ता से जैसे ही आरोपी ने 30 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

कार्रवाई तहसीलदार कार्यालय के साथ स्थित कमरा संख्या 11 में की गई। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी को हिरासत में लेने के बाद कमरे का दरवाजा बंद कर आवश्यक जांच शुरू की। मौके से रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई और मामले से जुड़े साक्ष्य एकत्र किए गए। एसीबी अधिकारियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत हाथ धुलवाने सहित अन्य कानूनी औपचारिकताएं भी पूरी की गईं। टीम पूरे मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को मजबूत करने में जुटी रही, ताकि अदालत में प्रभावी ढंग से पक्ष रखा जा सके। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। एसीबी अधिकारियों ने बताया कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा और शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

आरोपी सचेत को अदालत में पेश किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर उसका रिमांड लेकर मामले की आगे जांच की जाएगी। एसीबी की इस कार्रवाई को सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

About The Author