सोनीपत: खरखौदा में छात्राओं को एसआईआर की जानकारी दी, सवालों के जवाब दिए
सोनीपत: एसआईआरअभियान के तहत सावित्री बाई फूले राजकीय महाविद्यालय, खरखौदा में विधायक निखिल मदान।
सोनीपत, अजीत कुमार। मतदाता सूची के शुद्धिकरण और लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत सावित्री बाई फूले राजकीय महाविद्यालय, खरखौदा में सोमवार को युवा संवाद एवं एसआईआर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विधायक निखिल मदान ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं से बातचीत की और मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया की जानकारी दी।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का सही, पारदर्शी और अद्यतन होना जरूरी है। प्रक्रिया का उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना और अपात्र या गलत प्रविष्टियों को नियमानुसार ठीक करना है। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी भी है।
एसआईआर को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए मदान ने कहा कि राजनीतिक मतभेद सामने आ रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर लोगों के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि आंकड़े एसआईआर प्रक्रिया के तहत संबंधित श्रेणियों से जुड़े हैं। मदान ने कहा कि नई पीढ़ी के युवाओं को मतदाता बनने में भी सुविधा मिल रही है। उनके अनुसार 24 जून 2025 से अब तक करीब 2.37 करोड़ नए मतदाता सूची में जुड़े हैं। उन्होंने छात्राओं से कहा कि एसआईआर को लेकर किसी भी तरह की राय बनाने से पहले तथ्यों और प्रक्रिया की पूरी जानकारी हासिल करनी चाहिए। युवा अपने परिवार और आसपास के लोगों को मतदाता सूची के प्रति जागरूक करें। जागरूक नागरिक ही लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने एसआईआर से जुड़े सवाल पूछे, जिनका जवाब देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया गया। इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार और अन्य अध्यापक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से मतदाता सूची की जानकारी रखने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
