November 9, 2026

सोनीपत: सरकारी स्कूल के पांच कमरों के ताले तोड़ लाखों का सामान चोरी

Sonipat: Locks of five rooms in a government school broken; goods worth lakhs stolen

सोनीपत सीसीटीवी फुटेज में स्कूल का दूश्य।

खरखौदा, अजीत कुमार। खरखौदा क्षेत्र के गांव सैदपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चोरों ने सेंध लगाकर लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया। आरोपी ने वारदात को अंजाम देते समय हाथों में दस्ताने पहन रखे थे, ताकि कहीं फिंगरप्रिंट न मिल सकें। चोरी की पूरी घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने स्कूल प्रभारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल प्रभारी बीरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 7 नवंबर 2026 को शाम स्कूल का चपरासी सतीश कुमार छोटी दिवाली के अवसर पर दीपक जलाने के लिए स्कूल पहुंचा था। वहां उसने देखा कि स्कूल के पीछे वाले गेट और पांच कमरों के ताले टूटे हुए थे। उसने तुरंत स्कूल प्रभारी को फोन कर इसकी जानकारी दी। अगले दिन 8 नवंबर को स्कूल प्रभारी ने परिसर का निरीक्षण किया तो पता चला कि वहां से एक्साइड कंपनी की छह बैटरियां, एचपी कंपनी के 10 सीपीयू और एक मॉनिटर गायब हैं। चोरी हुए सामान की पुष्टि के लिए स्कूल प्रबंधन ने संबंधित बिलों की प्रतियां भी पुलिस को सौंपी हैं।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी पहले स्कूल के मुख्य गेट का ताला तोड़ता दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह दूसरा ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करता है और पांच कमरों में चोरी करता है। कंप्यूटर लैब में घुसकर वह वायरिंग काटता भी नजर आ रहा है। आरोपी ने हाथों में दस्ताने पहन रखे थे। चोरी का सामान गाड़ी में लादकर वह मौके से फरार हो गया।

स्कूल प्रबंधन ने पुलिस से चोरी हुआ सामान बरामद करने की मांग की है। शिकायत मिलने पर एएसआई संदीप मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद सैदपुर चौकी पुलिस ने खरखौदा थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया। मामले की जांच एएसआई नीरज को सौंपी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने के साथ आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी जुटा रही है।

About The Author