भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह: एशियन गेम्स में पहली बार गोल्ड के लिए भिड़ेंगे भारत-पाकिस्तान
जीत सेलिब्रेट करते खिलाडी। (फोटो- BCCI)
- भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में बनाई जगह
एशियन गेम्स फाइनल में भारत-पाकिस्तान: एशियन गेम्स के इतिहास में पहली बार मेंस क्रिकेट के गोल्ड मेडल मुकाबले में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 6 विकेट से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। फाइनल मुकाबला 3 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से खेला जाएगा।
जापान के निशिन में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। ईशान किशन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 80 रन बनाए। उनकी पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। वैभव सूर्यवंशी ने भी 21 गेंदों में 38 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल थे। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 13 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 9.5 ओवर में 45 रन पर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका के छह बल्लेबाज खाता भी नहीं खोल सके। जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने दो-दो विकेट हासिल किए, जबकि तीन बल्लेबाज रन आउट हुए।
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में बारिश के कारण पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मुकाबला 13-13 ओवर का कर दिया गया। बांग्लादेश ने 7 विकेट पर 111 रन बनाए। पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अब एशियन गेम्स के क्रिकेट इतिहास में पहली बार भारत और पाकिस्तान के बीच गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला होगा।
