सोनीपत: एनएच-44 पर अवैध कट रोकने को एनएचएआई-पुलिस संयुक्त निरीक्षण
सोनीपत: लघु सचिवालय में उपायुक्त नेहा सिंह अधिकारियों से वार्ता करते हुए।
- अगस्त माह में सबसे अधिक चालान ओवरस्पीड 889 के, ड्रंकन ड्राइव के हुए 13 चालान
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत लघु सचिवालय में बुधवार को उपायुक्त नेहा सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक हुई। इसमें यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट, अवैध कट, अतिक्रमण, जलभराव, सड़क निर्माण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने और समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने एनएचएआई और पुलिस विभाग को राष्ट्रीय राजमार्गों के ब्लैक स्पॉट व अवैध कटों का संयुक्त निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कट नहीं होने चाहिए और ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाएं रोकने के लिए तत्काल सुरक्षा उपाय किए जाएं। कुंडली, रसोई और बहालगढ़ में बन रहे एफओबी का काम दिसंबर 2026 तक पूरा करने की समयसीमा बताई गई। उपायुक्त ने निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। बिस्वामिल चौक पर अतिक्रमण हटाने तथा स्लिप रोड का काम पूरा करने को कहा गया। केएमपी टोल पर अतिक्रमण हटाकर सभी टोल लेन शुरू करने के निर्देश एचएसआईआईडीसी अधिकारियों को दिए गए, ताकि जाम से राहत मिले।
अगस्त में पुलिस ने ओवरस्पीड के 889, बिना हेलमेट 450, बिना सीट बेल्ट 369, गलत दिशा में वाहन चलाने के 762, ब्लैक फिल्म के 279, मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर वाहन चलाने के 7, शराब पीकर वाहन चलाने के 13 और नाबालिगों के वाहन चलाने के 2 चालान किए। आरटीए विभाग ने 249 चालान किए। उपायुक्त ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों की सूचना संबंधित एसडीएम को भेजने और नियमानुसार तीन माह के लिए लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर निगम को पुलिस के साथ मिलकर अतिक्रमण हटाने, लिटिल एंजल स्कूल की गली खाली कराने तथा स्ट्रीट लाइट, कचरा डालने के स्थान और नालियों की समस्याएं दूर करने को कहा गया। एनएच-44 पर जलभराव को लेकर आरओ पॉल्यूशन और डीटीपी को जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए। म्हारी सड़क ऐप की शिकायतों का समयबद्ध निपटारा करने, बहालगढ़-सोनीपत रोड की मरम्मत और गेटवे-टू-ओमक्श सिटी रोड की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए। खरखौदा में अवैध विज्ञापन बोर्डों की जांच तथा महाराणा प्रताप चौक से ट्रक यूनियन तक नाले की समस्या दूर करने को कहा गया।
सुरक्षित स्कूल वाहन नीति के तहत अगस्त में 40 स्कूल बसों की जांच हुई और नियमों के उल्लंघन पर 7 के चालान किए गए। उपायुक्त ने नियमित जांच तेज करने के निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। एसडीएम सुभाष चंद्र, यातायात एसीपी नरेश अहलावत, रोडवेज महाप्रबंधक संजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
