September 14, 2026

सोनीपत: जिला स्तरीय हिंदी दिवस समारोह में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

Sonipat: Students showcased their talent at the district-level Hindi Diwas celebration.

सोनीपत: राजकीय महिला महाविद्यालय में जिला स्तरीय हिंदी दिवस समारोह के विजेताओं को सम्मानित करते हुए।

  • भाषण प्रतियोगिता में नोविका ने पहला, सीमा ने दूसरा और इकरा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया

सोनीपत, अजीत कुमार। राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-12 में सोमवार को जिला स्तरीय हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों की 14 टीमों ने भाग लिया। कार्यक्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, सोनीपत के प्राचार्य ई.आर. विक्रम पंघाल मुख्य अतिथि रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. किरण सरोहा ने की। कार्यक्रम संयोजक मनजीत ने अतिथि, प्रतिभागियों और उपस्थित लोगों का स्वागत किया।

हिंदी दिवस के अवसर पर भाषण और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं कराई गईं। भाषण प्रतियोगिता में नोविका ने पहला, सीमा ने दूसरा और इकरा ने तीसरा स्थान हासिल किया। निबंध लेखन प्रतियोगिता में खुशी ने पहला, गीतिका ने दूसरा और खुशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। राजकीय महिला महाविद्यालय, मुरथल की डॉ. पूनम ने दैनिक जीवन में हिंदी के प्रयोग का महत्व विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन, शिक्षा और सामाजिक संवाद में हिंदी के अधिक प्रभावी प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हिंदी को जन-जन तक पहुंचाने में विद्यार्थियों की भूमिका अहम है।

प्राचार्य डॉ. किरण सरोहा ने विद्यार्थियों को हिंदी के महत्व से अवगत कराते हुए दैनिक और शैक्षणिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। मुख्य अतिथि ई.आर. विक्रम पंघाल ने हिंदी को भारतीय संस्कृति, परंपरा और राष्ट्रीय एकता की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति सम्मान और गौरव की भावना रखते हुए इसके प्रचार-प्रसार में योगदान देने का आह्वान किया।

महाविद्यालय की ओर से डॉ. नरेश कुमार, डॉ. सुनील पंवार, डॉ. अमिता पंघाल, डॉ. मीनाक्षी रंगा, डॉ. ज्योति और डॉ. रितु मौजूद रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. पूनम, पिंकी रानी और राजकीय महाविद्यालय बड़ौता की शान देवी शामिल रहीं। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाने के साथ उनकी भाषायी एवं रचनात्मक प्रतिभा को मंच देना रहा।

About The Author