July 22, 2026

सोनीपत विधायक निखिल मदान: जाट जोशी में ही बनेगा सोनीपत का नया बस स्टैंड, डीपीआर तैयार करने के आदेश

Sonipat's new bus stand to be built at Jat Joshi; orders issued to prepare the DPR.

बैठक में विभाग ने नए बस स्टैंड के निर्माण को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगाई।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत के नए बस स्टैंड को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लग गया है। अब नया बस स्टैंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित गांव जाट जोशी की भूमि पर ही बनाया जाएगा। इस संबंध में विधायक निखिल मदान ने चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राज शेखर वुंड्रू और विभाग के निदेशक वीरेंद्र दहिया से मुलाकात कर परियोजना की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव ने बताया कि परिवहन विभाग ने जाट जोशी स्थित अपनी 9.33 एकड़ भूमि पर नया बस स्टैंड विकसित करने का निर्णय लिया है। इसके लिए डीआईएमटीएस एजेंसी को विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केएमपी के निकट बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव व्यवहारिक नहीं था, क्योंकि वहां विभाग के पास उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं थी।

विधायक निखिल मदान ने बताया कि लगभग 6.33 एकड़ क्षेत्र में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत अत्याधुनिक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। यहां 200 से 250 बसों के संचालन की व्यवस्था, यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, दुपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग तथा व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए भी स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शेष लगभग तीन एकड़ भूमि पर विद्युत बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन और आधुनिक विद्युत बस टर्मिनल विकसित किया जाएगा। परियोजना की रूपरेखा तैयार होने के बाद निविदा प्रक्रिया शुरू कर निर्माण एजेंसी का चयन किया जाएगा।

विधायक ने कहा कि नया बस स्टैंड आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा और इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिलने के साथ-साथ शहर के विकास को भी नई गति मिलेगी। विभाग जल्द ही बस स्टैंड का प्रारूप सार्वजनिक करेगा, जिसके बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

About The Author