सोनीपत: रेलवे निर्माण की लापरवाही ने ली युवक की जान
मौके पर एक्सीडेंट के बाद पड़ी बाइक को देखते परिजन और स्थानीय लोग।
सोनीपत, अजीत कुमार। जिले के राठधाना रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के निकट बुधवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की गहरे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव खेड़ी मनाजात निवासी 30 वर्षीय मोहित के रूप में हुई है। वह एक निजी कंपनी में कार्यरत था और रात्रि ड्यूटी समाप्त कर अपने घर लौट रहा था।
परिजनों के अनुसार, रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के लिए सड़क किनारे गहरे गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन वहां पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। अंधेरा अधिक होने के कारण मोहित को गड्ढा दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक सीधे उसमें जा गिरी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के चाचा अमरदीप ने रेलवे प्रशासन और निर्माण एजेंसी पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गड्ढों के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी, न चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था थी। यदि सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस स्थान पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले एक कार भी इसी गड्ढे में गिर गई थी। इसके बावजूद संबंधित विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया।
मोहित अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। वह परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने, दोषी अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा निर्माण स्थल पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
कुंडली थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों के साथ लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
