July 22, 2026

सोनीपत: गन्नौर में संवारा शहीद मुकेश त्यागी स्मारक द्वार, विधायक ने किया लोकार्पण

Sonipat: Martyr Mukesh Tyagi Memorial Gate renovated in Gannaur; MLA inaugurates it.

सोनीपत: शहीद मुकेश त्यागी की स्मृति में बने शहीद द्वार का लोकार्पण करते हुए विधायक देवेंद्र कादियान।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर शहर के वार्ड-6 स्थित महाराजा अग्रसेन रोड पर शौर्य चक्र प्राप्त शहीद मुकेश त्यागी की स्मृति में बने शहीद द्वार का 23 लाख रुपए की लागत से सौंदर्यीकरण कर नया स्वरूप दिया गया। विधायक देवेंद्र कादियान ने रिबन काटकर इसका लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों का सम्मान बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है।

विधायक ने कहा कि शहीद द्वार केवल ईंट-पत्थरों का ढांचा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग और समर्पण का प्रतीक है। ऐसे स्मारक युवाओं को देशसेवा की प्रेरणा देते है और उन्हें वीर सपूतों के बलिदान याद दिलाते है। उन्होंने कहा कि सरकार विकास कार्यों के साथ-साथ शहीदों और महापुरुषों की स्मृतियों के संरक्षण को भी समान महत्व दे रही है। विधायक कादियान ने बताया कि गढ़ी केसरी निवासी शहीद मुकेश त्यागी साल 1993 में देश सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उनकी स्मृति में बनाए गए इस द्वार का नगरपालिका ने आधुनिक तरीके से पुनर्निर्माण कराया है, जिससे यह अब पहले से अधिक आकर्षक दिखाई देगा।

कादियान ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। शहर में जलभराव से निपटने को लेकर स्टॉर्म वाटर लाइन बिछाने का काम शुरू हो चुका है। इसके अलावा जीटी रोड पर आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। अंतरराष्ट्रीय बागवानी मंडी में बनाए जा रहे करीब 17 शेड अंतिम चरण में है। मंडी शुरू होने के बाद गन्नौर की पहचान प्रदेश ही नहीं, देशभर में बनेगी।

कार्यक्रम में नपा सचिव प्रदीप खर्ब, पूर्व वाइस चेयरमैन दिनेश अदलखा, पार्षद अजय सरोहा, समाजसेवी अमित त्यागी, सुनील पटवारी, संजय त्यागी, नंदकिशोर, उमेश त्यागी, हरीश त्यागी, शिवराज, यशपाल त्यागी, नेत्रपाल, हरीश नंबरदार आदि मौजूद रहे

About The Author