July 16, 2026

सोनीपत: उपायुक्त ने जिला खजाना कार्यालय का निरीक्षण, डबल लॉक सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

Sonipat Deputy Commissioner inspects District Treasury Office; issues instructions regarding double-lock security arrangements.

सोनीपत: खजाना कार्यालय में दस्तावेजों की जांच करती हुईं डीसी नेहा सिंह।

सोनीपत, अजीत कुमार। उपायुक्त नेहा सिंह ने गुरुवार को जिला खजाना कार्यालय का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय अभिलेखों के रखरखाव और प्रशासनिक कार्यों की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डबल लॉक व्यवस्था, महत्वपूर्ण अभिलेखों और सुरक्षित रखी गई सामग्री का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत तथा व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने खजाने में रखी सामग्री के एंट्री रजिस्टर का रिकॉर्ड से मिलान किया और अभिलेखों की जांच की। उन्होंने अधिकारियों से रिकॉर्ड रखने की प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए कहा कि सभी प्रविष्टियां समय पर और नियमानुसार दर्ज हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से नियमित निगरानी रखी जाए। जहां जरूरत हो वहां अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएं और उनकी कार्यशीलता की समय-समय पर जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से जुड़े सभी उपकरण हर समय सही स्थिति में रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

उन्होंने डायरी-डिस्पैच रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की भी जांच की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी रिकॉर्ड नियमित रूप से अद्यतन रखे जाएं और प्रत्येक दस्तावेज निर्धारित नियमों के अनुसार सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड में पारदर्शिता और शुद्धता बनाए रखना सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उपायुक्त ने कहा कि जिला खजाना कार्यालय शासन-प्रशासन की वित्तीय व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और ईमानदारी से अपने दायित्व निभाएं। उन्होंने वित्तीय अनुशासन, गोपनीयता, स्वच्छता, अग्नि सुरक्षा और अभिलेखों के सुरक्षित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कार्यालय का नियमित आंतरिक निरीक्षण किया जाए, ताकि कमियों को समय रहते दूर किया जा सके। निरीक्षण के दौरान जिला खजाना अधिकारी संजीव कुमार सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

About The Author