सोनीपत: हाईवे पर टायर बदल रहे तीन युवकों को ट्रक ने रौंदा, दो की मौत
सोनीपत: इस कार का टायर बदल रहे थे।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत नेशनल हाईवे-44 पर बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। गन्नौर क्षेत्र में शान-ए-पंजाब ढाबे के पास सड़क किनारे पंचर हुई कार का टायर बदल रहे तीन युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार तीनों युवक अस्पताल में भर्ती अपने एक परिचित का हालचाल पूछकर कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में हाईवे-44 पर उनकी कार का टायर पंचर हो गया। उन्होंने वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर टायर बदलना शुरू किया। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक दूर जा गिरे।

हादसे में फरीदाबाद निवासी सुनील और गन्नौर के गांव शाहपुर तगा निवासी मोहित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि दोनों मृतक शादीशुदा थे और अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। मोहित निजी कंपनी में कार्यरत था, जबकि सुनील खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। हादसे की सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया।
बड़ी थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने जल्द आरोपी की गिरफ्तारी का दावा किया है। साथ ही वाहन चालकों से अपील की है कि हाईवे पर वाहन खराब होने की स्थिति में सुरक्षा संकेतक लगाकर ही मरम्मत करें, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।
