July 16, 2026

सोनीपत: दिल्ली पैरलल नहर की शाखा से निकले रजवाहे की पटरी टूटी, पंचायती जमीन जलमग्न

Sonipat Embankment of a distributary branching off the Delhi Parallel Canal breaches; panchayat land submerged.

सोनीपत: आहुलाना में रजवाहे की पटरी टूटने से जमीन में घुसता रजवाहे का पानी।

सोनीपत, अजीत कुमार। गन्नौर के गांव आहुलाना में दिल्ली पैरलल नहर की शाखा से निकले रजवाहे की पटरी टूटने से गुरुवार को पंचायती जमीन और किसानों की धान की फसल में पानी भर गया। तेज बहाव के कारण पंचायती जमीन में करीब तीन फीट से अधिक पानी जमा हो गया, जबकि साथ लगते खेत में करीब डेढ़ एकड़ धान की फसल भी जलमग्न हो गई। किसानों को फसल खराब होने की चिंता सताने लगी।

ग्रामीणों ने बताया कि किसानों ने पहले अपने स्तर पर मिट्टी डालकर टूटी पटरी को बांधने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर बाद तेज बहाव के कारण पटरी फिर टूट गई। इसके बाद मामले की सूचना पानीपत नहरी विभाग को दी गई। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद विभाग के अधिकारी काफी समय तक मौके पर नहीं पहुंचे। इस दौरान नुकसान बढ़ने से रोकने के लिए रजवाहे में पानी बंद करवा दिया गया। बाद में नहरी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जेसीबी व कर्मचारियों की मदद से टूटी पटरी की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। गांव के सरपंच प्रतिनिधि अजीत सिंह ने भी मौके का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों से जल्द मरम्मत पूरी कराने को कहा। ग्रामीणों ने मांग की कि रजवाहे की पटरी को स्थायी रूप से मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो और किसानों की फसल सुरक्षित रह सके।

About The Author