July 17, 2026

देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को मिली हरी झंडी: हरियाणा बना हरित रेल क्रांति का अग्रदूत: मुख्यमंत्री सैनी

Country's first hydrogen train gets the green signal; Haryana becomes the pioneer of the green rail revolution Chief Minister Saini.

जींद: जनता को सम्बोधित करते सीएम सैनी।

जींद, अजीत कुमार। भारत ने हरित ऊर्जा और आधुनिक रेल तकनीक की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को जींद से सोनीपत के बीच चलने वाली इस अत्याधुनिक ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही भारत जर्मनी, फ्रांस, स्वीडन और चीन के बाद हाइड्रोजन ट्रेन संचालित करने वाला दुनिया का पांचवां देश बन गया है।

Country's first hydrogen train gets the green signal; Haryana becomes the pioneer of the green rail revolution Chief Minister Saini.
जींद: जनता को सम्बोधित करते केंद्रीय रेल मंत्री।

इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह भारत के रेलवे इतिहास का गौरवपूर्ण दिन है। उन्होंने बताया कि जींद में स्थापित हाइड्रोजन संयंत्र में तैयार ऊर्जा से यह ट्रेन संचालित होगी। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इससे किसी प्रकार का धुआं या प्रदूषण नहीं फैलता, बल्कि केवल जलवाष्प और पानी की बूंदें निकलती हैं। यह तकनीक भारत को स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन की दिशा में नई पहचान दिलाएगी।

Country's first hydrogen train gets the green signal; Haryana becomes the pioneer of the green rail revolution Chief Minister Saini.
जींद: पीएम मोदी को सम्मानित करते सीएम सैनी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इसे हरियाणा के लिए ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का संचालन हरियाणा की धरती से होना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक ट्रेन का शुभारंभ नहीं, बल्कि विकसित भारत और हरित ऊर्जा के संकल्प को साकार करने की दिशा में बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज तकनीक, नवाचार और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में दुनिया के सामने नई मिसाल पेश कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले भारत आधुनिक तकनीक के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहता था, लेकिन आज दुनिया भारत की क्षमता और नवाचार को स्वीकार कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विकास, निवेश और आधुनिक परिवहन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यह परियोजना प्रदेश को नई पहचान देगी।

10 डिब्बों वाली यह ट्रेन जींद-सोनीपत के 89 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 14 स्टेशनों के बीच अधिकतम 75 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलेगी। इसका किराया 5 से 25 रुपये तक निर्धारित किया गया है। रेलवे की योजना के अनुसार भविष्य में देश के विभिन्न ऐतिहासिक और पहाड़ी मार्गों पर भी हाइड्रोजन ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिससे स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल रेल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।

About The Author