August 29, 2026

सोनीपत एक्सीडेंट: सोनीपत में नहर किनारे हेड कांस्टेबल को टक्कर मारी

Head constable hit by vehicle near canal in Sonipat.

सोनीपत: अस्पताल में उपचार के दौरान घायल हेड कांस्टेबल।

सोनीपत, अजीत कुमार। खरखौदा क्षेत्र के गांव हलालपुर में पश्चिमी यमुना नहर के पास दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल रोहित पर कार से टक्कर का मामला सामने आया है। रोहित ने इसे जान से मारने की नीयत से किया गया हमला बताया है, जबकि पुलिस की जांच में मामला तेज रफ्तार और लापरवाही से हुई टक्कर का पाया गया है।

रोहित के अनुसार वह सुबह नहर किनारे टहलने गया था। जब वह पुलिस नाके से करीब 600 मीटर दिल्ली की ओर पहुंचा तो रोहट की तरफ से तेज रफ्तार में काले रंग की कार आई और उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क किनारे नहर की तरफ जा गिरा। रोहित का कहना है कि चालक ने वाहन रोका, नीचे उतरकर देखा और फिर मौके से भाग गया। वह कार का नंबर नहीं देख सका।

घटना के बाद परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। चकित्सक ने फिट घोषित किया तो रोहित ने पुलिस को बयान देकर अज्ञात चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस चौकी सैदपुर को दी गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। सीसीटीवी फुटेज भी देखी गई। पुलिस के अनुसार जांच में जान से मारने की नीयत की पुष्टि नहीं हुई है। मामला तेज रफ्तार, गफलत और लापरवाही से वाहन चलाने का पाया गया है।

थाना खरखौदा में शनिवार को मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अज्ञात कार चालक की तलाश कर रही है और आगे की जांच जारी है।

वहीं रोहित ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसके साथ जानलेवा हमला हुआ है और मामले को हादसा बताकर हल्का किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर ही कार्रवाई की जा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

About The Author