सोनीपत उपायुक्त नेहा सिंह: सोनीपत में हर रविवार मनाएं सूखा दिवस , डेंगू-मलेरिया से बचाव की अपील
सोनीपत: उपायुक्त नेहा सिंह।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत उपायुक्त नेहा सिंह ने जिलेवासियों से मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इन बीमारियों की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय मच्छरों को पनपने से रोकना है, जिसके लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
उपायुक्त ने सभी लोगों से प्रत्येक रविवार को सूखा दिवस के रूप में मनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि घरों में रखे कूलर, पानी की टंकियां, गमले, फ्रिज की ट्रे, बाल्टियां, पुराने टायर, डिब्बे तथा अन्य पानी रखने वाले बर्तनों को सप्ताह में एक बार पूरी तरह खाली कर साफ करें, ताकि मच्छरों के अंडे और लार्वा नष्ट हो सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि घरों और आसपास किसी भी स्थान पर सात दिन से अधिक पानी जमा न होने दें। छतों पर रखे पुराने टायर, टूटे बर्तन, कबाड़ और अन्य अनुपयोगी सामान को हटाकर नियमित साफ-सफाई बनाए रखें। साथ ही पूरी बाजू के कपड़े पहनें, रात में मच्छरदानी का उपयोग करें और आवश्यकतानुसार मच्छररोधी उपाय अपनाएं।
उपायुक्त ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द, उल्टी, शरीर या जोड़ों में दर्द जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर रक्त जांच कराएं। उन्होंने स्वयं दवा लेने से बचने और समय पर उपचार कराने की सलाह दी।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग जिलेभर में जागरूकता अभियान चला रहा है। सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने हमने ठाना है, मलेरिया मिटाना है के संकल्प को सफल बनाने में सभी के सहयोग का आह्वान किया।
