सोनीपत: उधार के पैसे मांगने पर युवक पर बोतल से जानलेवा हमला
सोनीपत: पुलिस ने मडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज किया है।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के खरखौदा क्षेत्र में उधार के पैसे मांगना एक युवक को महंगा पड़ गया। आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर दो युवकों ने पहले खेत में उसके साथ मारपीट की और कांच की बोतल से हमला कर उसे घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी पीड़ित का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंच गए और दोबारा हमला करने का प्रयास करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मंडौरा निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान गांव के ही रोहित, नरेश और मोनू मिले। चारों केएमपी एक्सप्रेसवे के पास स्थित खेत में बैठ गए। बातचीत के दौरान गौरव ने नरेश से अपने उधार दिए हुए रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इसी बात पर नरेश और रोहित ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार नरेश ने गौरव को पकड़ लिया, जबकि रोहित ने कांच की बोतल से उसके सिर और पेट पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। बाद में जसबीर नामक युवक उसे घर छोड़कर आया।
पीड़ित का आरोप है कि दोनों आरोपी उसके पीछे-पीछे घर तक पहुंच गए और फिर हमला करने का प्रयास किया। बचाव में उसने हाथ में लोहे की रॉड लेकर उनका सामना किया, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गए। जाते समय उन्होंने भविष्य में मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद गौरव ने अस्पताल में उपचार कराया। मेडिकल लीगल रिपोर्ट में उसके शरीर पर तीन चोटों की पुष्टि हुई है। उपचार के कारण वह तुरंत शिकायत दर्ज नहीं करा सका। बाद में थाना खरखौदा पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
