स्वच्छ प्रहरी अभियान की शुरुआत: हर रविवार श्रमदान कर स्वच्छ बनेगा सोनीपत
सोनीपत: मेयर राजीव जैन मिलकर कर्मचारियों के साथ सफाई करते हुए।
सोनीपत, अजीत कुमार। स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर सोनीपत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से नगर निगम सोनीपत के मेयर राजीव जैन के नेतृत्व में रविवार को स्वच्छ प्रहरी अभियान का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत समाजसेवियों, युवाओं और जागरूक नागरिकों की एक टीम गठित की गई है, जो अब प्रत्येक रविवार सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक नगर निगम के सहयोग से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाएगी।

अभियान का शुभारंभ सेक्टर-15 स्थित टेलीफोन एक्सचेंज से बिहारी मार्केट तक विशेष सफाई अभियान के साथ किया गया। इस दौरान सड़क किनारे फैले कूड़ा-कचरे, झाड़ियों और बरसाती नालों की जालियों की सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया गया। इससे पहले हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के बाहर स्थित नवनिर्मित पार्क में फैले कचरे को भी हटाया गया।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि सभी लोग अपने शहर को स्वच्छ रखने का संकल्प लें, तो सोनीपत को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ प्रहरी अभियान के माध्यम से हर रविवार समाजसेवी और जागरूक नागरिक श्रमदान कर शहर में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाएंगे।
उन्होंने शहरवासियों से इस अभियान में अधिक से अधिक संख्या में जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले सकता है। इस अवसर पर पार्षद, नगर निगम अधिकारी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लेकर अभियान को सफल बनाया।
