दिल्ली में जनकल्याण शिविरों का आयोजन: सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिलेगा
सीमे रेखा गुप्ता मंत्रियों की मीटिंग लेते हुए।
नई दिल्ली, जीजेडी न्यूज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा छह जून से इक्कीस जून तक सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जनसंपर्क कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में दिल्ली सरकार ने अठारह जून से बीस जून तक राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में 42 जनकल्याण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया है।
इन शिविरों में नागरिकों को केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी स्वीकार किए जाएंगे। इसके अलावा राशन कार्ड, पिंक कार्ड, ई-श्रम कार्ड, जनधन खाता, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, राष्ट्रीय वयोश्री योजना, आयुष्मान कार्ड, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, जाति प्रमाण पत्र, उद्योग ऋण सुविधा और पानी के बिल संबंधी समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
इन स्थानों पर लगेंगे जनकल्याण शिविर
उत्तर-पूर्वी जिले में ब्रह्मपुरी, ईस्ट लोनी रोड, करावल नगर और गोकलपुर में शिविर लगाए जाएंगे। पश्चिमी जिले में चांद नगर, जनकपुरी और हस्तसाल को शिविर स्थल बनाया गया है।
दक्षिण-पूर्वी जिले में तुगलकाबाद इंस्टीट्यूशनल एरिया, लाजपत नगर-4 और सनलाइट कॉलोनी-2 में शिविर आयोजित होंगे। पुरानी दिल्ली जिले में राउज एवेन्यू और गुलाबी बाग को शामिल किया गया है।
उत्तरी जिले में जहांगीरपुरी, तिमारपुर, बुराड़ी और लिबासपुर में शिविर लगाए जाएंगे। पूर्वी जिले में गीता कॉलोनी, विश्वास नगर और त्रिलोकपुरी को शिविर स्थल बनाया गया है।
उत्तर-पश्चिमी जिले में रोहिणी सेक्टर-5, सुल्तानपुरी और ज्वालापुरी कैंप में शिविर होंगे। मध्य जिले में मानसरोवर गार्डन और इंद्रपुरी में शिविर लगाए जाएंगे।
नई दिल्ली जिले में बंगाली मार्केट, श्रीमती इंदिरा गांधी विद्यालय और लोधी कॉलोनी स्थित नवयुग स्कूल में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
दक्षिण-पश्चिमी जिले में सागरपुर, गोयला-दिनपुर रोड, नजफगढ़ स्टेडियम और पालम कॉलोनी में शिविर लगाए जाएंगे। दक्षिणी जिले में महरौली, आर.के. पुरम, छतरपुर, मालवीय नगर और सावित्री नगर को शिविर स्थलों के रूप में चुना गया है।
मध्य-उत्तरी जिले में सीसी कॉलोनी, संदेश विहार और रानी बाग में शिविर लगाए जाएंगे। वहीं बाहरी-उत्तरी जिले में नरेला, प्रह्लादपुर गांव और कंझावला में जनकल्याण शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
सरकार का उद्देश्य इन शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करना है। नागरिक निर्धारित शिविर स्थलों पर पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
