June 16, 2026

सोनीपत: सीएम फ्लाइंग ने पोल्ट्री फार्म से एक करोड़ की विदेशी शराब बरामद की

Sonipat CM Flying Squad seizes foreign liquor worth ₹1 crore from a poultry farm.

सोनीपत: पोल्ट्री फार्म में बरामद विदेशी ब्रांड की शराब इनसेट में जांच के लिए पहुंचे अधिकारी।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में सीएम फ्लाइंग ने अवैध विदेशी शराब के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोल्ट्री फार्म से एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की शराब बरामद की है। यह कार्रवाई डीएसपी जीत बेनीवाल के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को कामी रोड स्थित शुगर मिल के सामने न्यू ऋषि कॉलोनी में बने मलिक पोल्ट्री फार्म में विदेशी शराब का अवैध भंडारण किया जा रहा था। टीम ने छापेमारी के दौरान फार्म परिसर में एक बंद कमरे का ताला तोड़कर तलाशी ली, जहां बड़ी मात्रा में शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं। जांच में 393 पेटियां और 3576 बोतलें बरामद हुईं हैं। इनमें गोल्ड लेबल, ब्लैक लेबल, जेमसन, दीवार, बुशमिल्स, जोस कुएर्वो और ग्रे गूस जैसे प्रीमियम विदेशी ब्रांड शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब की बाजार कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

छापेमारी के दौरान मौजूद कर्मचारियों ने शुरू में शराब की जानकारी होने से इनकार किया, लेकिन तलाशी में पूरा गोदाम शराब से भरा मिला। प्रारंभिक जांच में शराब से संबंधित कोई वैध लाइसेंस, परमिट या परिवहन दस्तावेज नहीं मिले हैं। इससे टैक्स और कस्टम ड्यूटी चोरी की आशंका जताई जा रही है। आबकारी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में शराब को सील कर कब्जे में लिया गया तथा विभिन्न ब्रांडों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि फार्म पर समय-समय पर वाहन शराब की खेप लेकर आते-जाते थे।

सीएम फ्लाइंग के डीएसपी जीत बेनीवाल ने बताया कि टीम को गुप्त रूप से सूचना मिली थी कि सोनीपत के कामी रोड स्थित शुगर मिल के सामने एक पोल्ट्री फार्म में बड़ी मात्रा में विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना मिलने के बाद टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर छापेमारी की। सिविल लाइन थाना सोनीपत में पोल्ट्री फार्म मालिक गौरव मलिक के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब शराब की सप्लाई चेन, इसके स्रोत और पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।

About The Author