June 13, 2026

भारतीय सेना: लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे देश के नए सेना प्रमुख, 30 जून से संभालेंगे कमान

Lieutenant General Dhiraj Seth to be the country's new Army Chief; will assume command from June 30.

लेफ्टिनेंट धीरज सेठ को करीब 40 साल का सैन्य अनुभव है।

नई दिल्ली, जीजेडी न्यूज। केंद्र सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना का अगला प्रमुख (चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। वह वर्तमान सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। उसी दिन लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ भारतीय सेना के 31वें सेना प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।

वर्तमान में धीरज सेठ उप सेना प्रमुख (वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 1 अप्रैल को यह जिम्मेदारी संभाली थी। उप सेना प्रमुख के रूप में उन्होंने सेना की रणनीतिक तैयारियों, संचालन, आधुनिकीकरण और नई तकनीकों को सेना में शामिल करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अहम भूमिका निभाई है।

दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को भारतीय सेना में लगभग 40 वर्षों का व्यापक अनुभव है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी क्षेत्रों सहित कई संवेदनशील मोर्चों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ भी रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के अंगोला शांति मिशन में भी सेवा दी है।

शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका रिकॉर्ड उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी, भारतीय सैन्य अकादमी, रक्षा सेवा स्टाफ कॉलेज, आर्मी वॉर कॉलेज और नेशनल डिफेंस कॉलेज से प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसके अलावा फ्रांस और अमेरिका के प्रतिष्ठित रक्षा संस्थानों से भी विशेष सैन्य प्रशिक्षण हासिल किया है। उन्हें कई सैन्य पाठ्यक्रमों में प्रथम स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

धीरज सेठ सैन्य परंपरा वाले परिवार से आते हैं। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण मोहन सेठ भारतीय सेना में एडजुटेंट जनरल के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। खेलों में रुचि रखने वाले धीरज सेठ टेनिस और गोल्फ के शौकीन हैं। उनकी नियुक्ति को भारतीय सेना के लिए एक महत्वपूर्ण और अनुभवी नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है।

About The Author