June 12, 2026

सोनीपत मेयर राजीव जैन: सीवरेज पंपिंग स्टेशन की मोटरें हुईं जाम, लाइनपार क्षेत्र में जलभराव से बढ़ी परेशानी

Sewerage pumping station motors jammed; waterlogging in the Linepar area exacerbates problems.

सोनीपत: ककरोई रोड स्थित सीवेरज के पानी की निकासी की समस्या का निरिक्षण करते मेयर।

सोनीपत, अजीत कुमार। ककरोई रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के एमपीएस (मेन पंपिंग स्टेशन) में तकनीकी खराबी के कारण शहर के लाइनपार क्षेत्र में सीवरेज निकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई। टैंक की पाइपलाइन में गाद भर जाने से स्टेशन की तीनों मोटरें जाम हो गईं, जिसके चलते कई इलाकों में सीवरेज का पानी सड़कों पर भर गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मोटरों के बंद होने से रवि धर्म कांटे वाली गली, सरदारों वाली गली, इंडियन कॉलोनी, मयूर विहार तथा सेक्टर-23 की मुख्य सड़क सहित कई क्षेत्रों में सीवरेज का पानी जमा हो गया। जगह-जगह जलभराव होने से आवागमन प्रभावित हुआ और स्थानीय निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थिति की जानकारी मिलते ही नगर निगम के मेयर राजीव जैन मौके पर पहुंचे और एमपीएस का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम आयुक्त एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल समस्या के समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद ठेकेदार को बुलाकर पाइपलाइन की सफाई करवाई गई। सफाई अभियान के बाद दो मोटरें दोबारा चालू हो गईं, जिससे सीवरेज के पानी की निकासी शुरू हो गई और प्रभावित क्षेत्रों में धीरे-धीरे जलभराव कम होने लगा।

मेयर राजीव जैन ने तीसरी पाइपलाइन की भी जल्द सफाई कर तीसरी मोटर को चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम को देखते हुए सीवरेज व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करना आवश्यक है, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों।

उन्होंने ठेकेदार को डबल प्रेशर मशीन लगाकर गोहाना रोड और महलाना रोड की मुख्य सीवरेज लाइन की भी सफाई कराने के निर्देश दिए। मेयर ने बताया कि शहर का सीवरेज सिस्टम काफी पुराना हो चुका है, जिसे चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाया जा रहा है ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

About The Author