June 12, 2026

मंत्री कृष्ण लाल पंवार: प्रदेश में 883 व्यायामशालाओं का निर्माण कार्य पूरा हुआ

Sonipat Construction of 883 gymnasiums completed in the state Minister Krishan Lal Panwar

सोनीपत: भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में मंत्री कृष्ण लाल पंवार को स्मृति चिह्न देते हुए।

  • -खानपुर कलां में जिला स्तरीय योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित  

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में जिला स्तरीय योग अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने विद्यार्थियों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और अधिकारियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया और कहा कि 6500 गांवों में व्यायामशालाएं स्थापित की जा रही हैं, जिनमें से 883 व्यायामशालाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।

शुक्रवार को कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। योग हजारों वर्षों से मानव जीवन को संतुलन, सकारात्मकता, आत्मविश्वास और बेहतर स्वास्थ्य का मार्ग दिखाता आया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य और कल्याण पर केंद्रित है। बढ़ती आयु में स्वस्थ और सक्रिय जीवन के लिए योग प्रभावी माध्यम है। युवाओं को भी अभी से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में रखे गए प्रस्ताव को 177 देशों का समर्थन मिला था। आज 21 जून को विश्व के 200 से अधिक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।

Sonipat Construction of 883 gymnasiums completed in the state Minister Krishan Lal Panwar
सोनीपत: भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां में योग करते हुए मंत्री कृष्ण लाल पंवार।

मंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 के निर्माण में नारी शक्ति और युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान महिला शिक्षा और सशक्तिकरण का प्रमुख केंद्र बन चुका है। प्रदेश सरकार योग और आयुष व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है। आयुष विभाग के लिए 135 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। प्रदेश के लगभग 6500 गांवों में व्यायामशालाएं स्थापित की जा रही हैं। इनमें 883 व्यायामशालाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही 859 आयुष योग सहायकों की नियुक्ति की गई है।

मंत्री ने बताया कि 6225 ग्राम पंचायतों में अटल ई-लाइब्रेरी स्थापित करने का अभियान चल रहा है। इनमें संगणक, अध्ययन कक्ष, फर्नीचर और प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें उपलब्ध करवाई जाएंगी। उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग परीक्षा में हरियाणा के 37 युवाओं के चयन पर बधाई देते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

विधायक पवन खरखौदा ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ बनाता है। उन्होंने सभी वर्गों से नियमित योग अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपायुक्त नेहा सिंह, कुलपति प्रो. सुदेश, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, भाजपा गोहाना जिलाध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा, एसडीएम अंकित कुमार, एसडीएम अमित कुमार, जिला परिषद मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अनमोल, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राम अवतार, भाजपा नेता प्रदीप सांगवान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author