June 11, 2026

सोनीपत: सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के 103 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, मुख्यमंत्री का जताया आभार

Sonipat 103 pilgrims visited the Somnath Jyotirlinga and expressed gratitude to the Chief Minister.

सोनीपत: सोमनाथ यात्रा पर गए यात्री मुख्य मंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए।

सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत जिले के 103 श्रद्धालुओं ने गुजरात स्थित सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि योजना के माध्यम से उन्हें देश के प्रमुख और पवित्र तीर्थस्थलों में शामिल सोमनाथ धाम के दर्शन का सौभाग्य मिला है।

सोमनाथ मंदिर समुद्र तट और त्रिवेणी संगम के निकट स्थित है। श्रद्धालुओं ने बताया कि यहां पहुंचकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और विशेष संतोष की अनुभूति हुई। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोनीपत से 103 श्रद्धालु सोमनाथ पहुंचे हैं। उनकी वापसी 12 जून को निर्धारित है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अपने अनुभव भी साझा किए। खरखौदा निवासी बिमला देवी ने कहा कि सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन उनके जीवन के सबसे सुखद और यादगार क्षणों में शामिल हो गए हैं। तीर्थयात्री रमेश चंद्र ने कहा कि यह योजना वरिष्ठ नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। उनकी पत्नी ने बताया कि वर्षों से सोमनाथ धाम के दर्शन की इच्छा थी, जो अब पूरी हो गई है।

तीर्थयात्री राममेहर ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें सोमनाथ जैसे पवित्र धाम में माथा टेकने का अवसर मिलेगा। सतवीर ने बताया कि इस यात्रा से उन्हें मानसिक शांति और नई ऊर्जा मिली है। जिले से गए श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के वरिष्ठ नागरिकों को देश के महत्वपूर्ण धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान कर रही है। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों का हिस्सा बन गई है।

About The Author