सोनीपत: ठरू गांव में तांत्रिक गतिविधियों को लेकर तनाव, महिला की शिकायत पर केस दर्ज
सोनीपत। सोनीपत जिले के गांव ठरू में अंधविश्वास और कथित तांत्रिक गतिविधियों की शिकायत करना एक महिला को भारी पड़ गया। गांव निवासी संतोष ने आरोप लगाया है कि पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी पक्ष ने उनके घर पर पहुंचकर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और पुलिस की मौजूदगी में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। मामले की जांच के बाद सदर थाना सोनीपत पुलिस ने विभिन्न धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता संतोष के अनुसार गांव निवासी सुरेश उर्फ बाबा सूर्यदेव लंबे समय से कथित तांत्रिक गतिविधियां करता है। उसके खिलाफ पहले भी सदर थाना सोनीपत में एक मामला दर्ज है, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि 23 मई 2026 की रात आरोपी द्वारा जीव हत्या कर अंधविश्वास फैलाने वाली गतिविधियां की जा रही थीं, जिसकी सूचना उन्होंने डायल-112 पर दी थी।
महिला का कहना है कि पुलिस को सूचना देने से नाराज होकर सुरेश उर्फ बाबा सूर्यदेव, गुरमीत, प्रदीप, सोनू, हनी और रामचंद्र उनके घर पहुंचे तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दी। संतोष ने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंची डायल-112 टीम की मौजूदगी में आरोपी सोनू कालूपुरिया ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें थप्पड़ मार दिया।
इसके बाद महिला ने डीसीपी वेस्ट को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गांव में कथित अंधविश्वास फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में एससी/एसटी एक्ट तथा भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध बनना पाया गया।
सदर थाना पुलिस ने धारा 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एसीपी सिटी-1 अमित धनखड़ को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि निष्पक्ष जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
