सोनीपत क्राइम: सोनीपत में बीपीएल फ्लैट्स में ट्रिपल मर्डर से फैली दहशत, जांच जारी
सोनीपत: सिवित अस्पताल में पहुंचे परिजन इनसेट में मृतक विजय और उसकी पत्नी सुनीता का फाइल फोटो
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत जिले के कुंडली थाना क्षेत्र स्थित टीडीआई सिटी के बीपीएल फ्लैट्स में रविवार देर रात हुए ट्रिपल मर्डर से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। एक व्यक्ति ने पति-पत्नी समेत एक अन्य महिला पर तेजधार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद फ्लैट्स में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।
मृतकों की पहचान विजय और उनकी पत्नी सुनीता निवासी कोट मोहल्ला, सोनीपत तथा स्वाति निवासी गांव बड़ौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों पर तेजधार हथियार से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस, जिले के वरिष्ठ अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात को बीपीएल फ्लैट्स में रहने वाले ब्रह्मप्रकाश ने अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने शराब के नशे में इस घटना को अंजाम दिया। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आरोपी की मानसिक स्थिति और मृतकों के साथ उसके संबंधों की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर कार्रवाई शुरू कर दी। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात से जुड़े हर पहलू की जानकारी मिल सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात के तरीके को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है। फिलहाल पुलिस आरोपी से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
