May 18, 2026

सोनीपत क्राइम: सोनीपत में एक किलो 350 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार

Accused arrested with 1 kg 350 grams of hashish in Sonipat

सोनीपत: दुकानदार का समान ले जाते हुए।

  • अवैध रुप से शराब पिलाने वाली दुकान का समान हटवाया, छेड़छाड़ के मामले में एक काबू

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस और नगर पालिका गन्नौर ने संयुक्त अभियान चलाकर अवैध रूप से शराब पिलाने में सहयोग करने वाली एक कन्फेक्शनरी से सामान सोमवार को हटवाया। एक मामले में एक किलोग्राम 350 ग्राम चरस के साथ आरोपी गिरफ्तार किया तो वहीं छेड़छाड़ के मामले में एक काबू किया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त ममता सिंह निर्देश पर पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन मेधा भूषण तथा  सहायक पुलिस आयुक्त ऋषिकांत के नेतृत्व में की गई हैं।

थाना बड़ी क्षेत्र में गन्नौर फ्लाईओवर के पास स्थित शराब ठेके के समीप चल रही कन्फेक्शनरी के खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि वहां लोगों को बैठाकर शराब पिलाई जा रही है और पानी के गिलास, बोतलें व अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। सूचना मिलने पर नगर पालिका गन्नौर के सचिव प्रदीप कुमार की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने गिलास, पानी की बोतलें, फल व अन्य सामान हटवाकर ट्रॉली में लोड कराया और आगे की कार्रवाई के लिए नगर पालिका कार्यालय भेज दिया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं दूसरी ओर थाना बहालगढ़ पुलिस ने नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया है। शिकायत के अनुसार 16 मई 2026 को पीड़िता के परिजन ने थाना बहालगढ़ में शिकायत दी थी। मामले में भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। महिला उप निरीक्षक पूजा ने पीड़िता के मजिस्ट्रेट के सामने कथन दर्ज करवाए और महिला विशेषज्ञ व विधिक सहायता से परामर्श दिलवाया। सोमवार को आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

एक अन्य मामले में अपराध इकाई कुंडली की टीम ने मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त आरोपी को चरस सहित गिरफ्तार किया। 17 मई 2026 को पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी पीले रंग की थैली में चरस लेकर गन्नौर जीटी रोड पुल के नीचे बेचने की फिराक में खड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी ली। थैली से नीले रंग की पन्नी में रखा चरस बरामद हुआ, जिसका वजन एक किलोग्राम 350 ग्राम पाया गया। मामले में मादक द्रव्य पदार्थ निरोधक अधिनियम के तहत थाना एचएसआईआईडीसी बड़ी में केस दर्ज किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर सोमवार को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

About The Author