सोनीपत: कार चढ़ाकर हत्या प्रयास में तीन आरोपी गिरफ्तार पुलिस रिमांड पर लिए
सोनीपत: जान लेवा हमला करने वाले तीन काबू।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत पुलिस ने कार से टक्कर मारकर जानलेवा हमला करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर रविवार को पुलिस रिमांड पर लिया गया। मामले में बडी निवासी आनंद की शिकायत पर एक मई 2026 को थाना एचएसआईआईडीसी बड़ी में मामला दर्ज हुआ।
शिकायत के अनुसार रोहित, प्रिंस, रितिक, नवीन, अमित व दो अन्य लोग घर में ईंट फेंकते हुए घुस आए और झगड़ा करने लगे। शोर सुनकर परिवार के सदस्य बाहर आए तो आरोपी सड़क की ओर भागे। वहां उनकी एक कार और दो बाइक खड़ी थीं। तीन आरोपी कार में फरार हुए जबकि चार साथी बाइक से भाग गए। एक बाइक मौके पर छोड़ दी गई।
पीड़ित ने बताया कि कार तेज रफ्तार से गन्नौर की ओर ले जाकर वापस मोड़ी गई और जान से मारने की नीयत से सड़क पर खड़े परिवार पर चढ़ाने की कोशिश की गई। आरोपी फिर लौटे और पीड़ित, उनकी पत्नी व भतीजे को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार दूसरी गाड़ी से टकराकर पलट गई। घायलों को सरकारी अस्पताल गन्नौर ले जाया गया, जहां से खानपुर रेफर किया गया।
थाना प्रबंधक एचएसआईआईडीसी बड़ी कुलदीप सिंह की टीम में सहायक उप निरीक्षक सुनील ने कार्रवाई करते हुए राहुल उर्फ पीटर, नवीन और रितिक को गिरफ्तार किया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
