सोनीपत में आज सीएम नायब सैनी की चुनावी हुंकार: 22 वार्डों में भाजपा ने तेज किया जनसंपर्क अभियान
सोनीपत, अजीत कुमार। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सोमवार को सोनीपत नगर निगम चुनाव के मद्देनजर शहर में करीब 20 चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। नगर निगम क्षेत्र के सभी 22 वार्डों में आयोजित इन सभाओं को लेकर भाजपा संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह का माहौल है।
मुख्यमंत्री के पूर्व मीडिया सलाहकार एवं भाजपा के मेयर प्रत्याशी राजीव जैन ने रविवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान दावा किया कि मुख्यमंत्री की सभाओं में हजारों की संख्या में शहरवासी और पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह जनसमर्थन सोनीपत में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का आधार बनेगा। राजीव जैन ने बताया कि सभी वार्डों के पार्षद प्रत्याशी भी चुनावी सभाओं को लेकर उत्साहित हैं।
रविवार को उन्होंने वीटा पार्क सेक्टर-14, कबीर सत्संग भवन सांवरी, निरंकारी भवन रेलवे रोड, तारानगर कुटिया, महावीर कॉलोनी, न्यू तारा नगर और मॉडल टाउन सहित विभिन्न स्थानों पर जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया और चुनाव में समर्थन का भरोसा दिया।
राजीव जैन ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनहितैषी नीतियों पर जनता का भरोसा भाजपा को मजबूत जनादेश दिलाएगा।
उन्होंने निरंकारी भवन पहुंचकर संतों से आशीर्वाद लिया तथा आर्ट ऑफ लिविंग, सोनीपत द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में भी भाग लेकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राई गांव से अपने चुनावी दौरे की शुरुआत करेंगे। दिनभर वे विभिन्न वार्डों में आयोजित सभाओं के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय निवासियों से रूबरू होकर भाजपा के पक्ष में समर्थन की अपील करेंगे।
