राजीव जैन: सड़क, इंफ्रास्ट्रक्चर और पार्किंग से बदलेगी सोनीपत की तस्वीर
जनसभा के दौरान भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन साथ में सोनीपत विधायक निखिल मदान।
सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत से भाजपा के मेयर पद के उम्मीदवार राजीव जैन ने जनसंपर्क अभियान के दौरान शहर की भावी विकास योजनाओं को लेकर अपना विजन साझा किया। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में सोनीपत नगर निगम क्षेत्र में सड़क और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर विकास उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगा। उनका कहना है कि शहर की सड़कों को बेहतर गुणवत्ता के साथ विकसित किया जाएगा ताकि लंबे समय तक टिकाऊ और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
राजीव जैन ने बताया कि शहर के सभी सेक्टरों की लगभग 50 किलोमीटर मुख्य सड़कों, फुटपाथों, ग्रीन बेल्ट्स और टाइलों के निर्माण व सुधार कार्यों पर करीब 190 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा और मानकों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि शहरवासियों को पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने के लिए लगभग 80 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मल्टी-लेवल पार्किंग का निर्माण कराया जाएगा। इससे सड़कों के किनारे होने वाली अव्यवस्थित पार्किंग कम होगी और यातायात व्यवस्था अधिक सुचारु बनेगी।
जनसंपर्क अभियान के दौरान राजीव जैन ने रंगोली पार्क सेक्टर-16, तिरंगा पार्क सेक्टर-12, इंडस्ट्रियल एरिया, विकासपुरी, कबीरपुर रोड, आर्य नगर, न्यू कॉलोनी, प्रभु नगर और सेक्टर-14 सहित कई स्थानों पर आयोजित सभाओं में लोगों से संवाद किया और समर्थन मांगा। स्थानीय लोगों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि अपने नौ महीने के कार्यकाल में वे लगातार लोगों के बीच रहे और समस्याओं के समाधान के लिए काम किया। उनका लक्ष्य अगले कार्यकाल में सोनीपत को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करना है। साथ ही उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने को अपनी बड़ी प्राथमिकता बताते हुए सफाई मित्र अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
