May 1, 2026

सोनीपत खबर: सोनीपत में कांग्रेस महिला विंग प्रदेश महासचिव के बेटे ने फंदा लगाकर जान दी

In Sonipat, the son of the Congress Women's Wing State General Secretary committed suicide by hanging himself.

सोनीपत: नागरिक अस्पताल में नवीन के परिजन इनसेट में नवीन का फाइल फोटो।

सोनीपत, अजीत कुमार। सोनीपत में कांग्रेस महिला विंग की प्रदेश महासचिव संतोष कादियान के 32 वर्षीय बेटे नवीन ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिवार के अनुसार, नवीन देर रात तक मां के चुनाव प्रचार में लगा हुआ था। वह बुधवार रात तक चुनावी बैनर और पोस्टर लगवाने में व्यस्त रहा। गुरुवार सुबह करीब चार बजे वह घर लौटा। दिन में भी वह चुनावी कार्यालय में सक्रिय रहा और दोपहर के बाद मां को कार्यालय छोड़कर वापस घर आया। परिजनों का कहना है कि उस समय वह सामान्य और खुश दिखाई दे रहा था। आधे घंटे बाद उसने घर के चौबारे में बने कमरे में फंदा लगा लिया। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नवीन डायबिटीज से पीड़ित था और कुछ समय से उसका शुगर बढ़ा हुआ रहता था। करीब ढाई माह पहले उसकी नौकरी भी छूट गई थी। वह पहले राजस्थान के भिवाड़ी में काम करता था। नवीन दो बेटियों का पिता था। बड़ी बेटी 11 साल और छोटी बेटी ढाई साल की है। परिवार में माता, पिता, बड़ा भाई और अन्य सदस्य शामिल हैं।

संतोष कादियान नगर निगम के वार्ड पांच से आजाद उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रही हैं। चुनाव के लिए दस मई को मतदान होना है। परिवार का कहना है कि घर में किसी प्रकार का झगड़ा या विवाद नहीं था और यह कदम बेहद दुखद और चौंकाने वाला है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। बीमारी, नौकरी छूटने और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद सामाजिक और राजनीतिक लोगों ने परिवार के घर पहुंचकर शोक व्यक्त किया।

About The Author